रेलवे 20 हजार ट्रेन कोचों में बनाएगा 3.2 लाख आइसोलेशन बेड, पानी के जहाज पर भी बनेंगे

रेलवे 20 हजार ट्रेन कोचों में बनाएगा 3.2 लाख आइसोलेशन बेड, पानी के जहाज पर भी बनेंगे

सेहतराग टीम

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारतीय रेल ने अपनी सवारी बोगियों को आइसोलेशन कोच में बदलने का फैसला किया था। मंगलवार को भारतीय रेलवे ने कहा कि रेलवे अपने 20,000 पैंसेजर ट्रेन कोचों को क्वारंटाइन केंद्रों में तब्दील करेगा, ताकि बुरी स्थिति में 3.2 लाख से ज्यादा बेडों की व्यवस्था की जा सके।.नेशनल ट्रांस्पोर्टर ने कहा, भारतीय रेलवे द्वारा निर्णय लिया गया है कि देश में क्वारंटाइन सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 20,000 कोचों को क्वारंटाइन या आइसोलेशन कोच में बदला जाएगा।

पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर

रेलवे ने इसके लिए अपने 16 जोनों को लक्ष्य दिए हैं। दक्षिण मध्य रेलवे के तेलांगना स्थिति सिकंदराबाद मुख्यालय को सबसे अधिक 486 कोचों का लक्ष्य दिया गया है। इसके बाद रेलवे के मुंबई स्थिति मुख्यालय को 482 कोचों का लक्ष्य दिया गया है। रेलवे की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, पांच हजार कोचों को आइसोलेशन वार्डों में तब्दील करने का काम शुरू हो गया है। एक कोच में आइसोलेशन के लिए 16 बेड्स होने की संभावना है। लिहाजा इन पांच हजार कोचों में 80 हजार बेड्स होंगे। बता दें कि आइसोलेशन वार्डों में तब्दील करने के लिए सिर्फ गैर-वातानुकूलित शयनयान कोचों का चुनाव किया है।

पानी के जहाज पर भी बनेंगे क्वारंटाइन वार्ड

मुंबई महानगर महापालिका आयुक्त ने शहर की खाली पड़ी इमारतों एवं सार्वजानिक स्थलों के साथ-साथ मुंबई के आसपास खड़े पानी के जहाजों को भी क्वारंटाइन वार्ड बनाने के लिए अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है। यह फैसला महाराष्ट्र में कोरोना रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किया गया है। महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना के 77 नए रोगियों की पहचान हुई है। इनमें 59 मुंबई के हैं। मुंबई मनपा आयुक्त प्रवीण परदेशी ने महानगरपालिका के सभी वार्डों के सहायक आयुक्तों को आदेश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में खाली पड़ी इमारतों, लॉज, होटल, धर्मशाला, क्लब, प्रदर्शनी केंद्र, कॉलेज, हॉस्टल, डोरमेट्री, जिमखाना, बैंक्वेट हॉल, शादी के हॉल सहित समुद्र में खड़े पोत एवं अन्य निजी जहाजों का भी तत्काल प्रभाव से अधिग्रहण कर लें। आवश्यकता पड़ने पर इन सारे स्थानों का उपयोग क्वारंटाइन वार्ड बनाने के लिए किया जाए।

 

इसे भी पढ़ें-

उत्तर प्रदेश में कोरोना से पहली मौत, 25 साल के युवक ने गवाईं अपनी जान

Covid-19 Update1st April: कोरोना वायरस के राज्यवार मामले, जानिए कहां-कितने मरीज

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।